स्पेशल ट्रेन से हिमाचल लौटने वालों की संख्या हुई आधी, कल जिलावार ऊना में उतारे जाएंगे

646

लॉकडाउन में फंसे लोगों को लाने के लिए पहली विशेष ट्रेन बुधवार दोपहर 1 बजे ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। यह जानकारी उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने आज यहां दी। उन्होंने कहा जिला प्रशासन ऊना ने आने वाले यात्रियों के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बेंगलुरु से आने वाले यात्रियों की संख्या आधी रह गई है। अब 1425 की जगह 789 लोग ही आएंगे। इसके पीछे प्रवेशद्वार पर संस्थागत क्वारंटाइन रहने की शर्त भी बताई जा रही है।

डीसी ने बताया कुल 789 यात्री हिमाचली ट्रेन से आ रहे हैं, जिसमें 32 बिलासपुर जिला के, चंबा से 167, हमीरपुर से 98, कांगड़ा से 212, किन्नौर से 5, कुल्लू से 30, लाहौल-स्पिति से 1, मंडी से 66, शिमला से 85, सिरमौर से 14, सोलन से 58 तथा ऊना से 21 यात्री आएंगे।

डीसी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार, कोविड-19 महामारी से लड़ाई के इस दौर में प्रदेशवासियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए उनकी हरसंभव सहायता करने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में, देश के अन्य राज्यों में फंसे लोगों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहली ट्रेन से आने वाले यात्रियों को जिलावार रेलवे स्टेशन पर उतारा जाएगा।

Read More:  IPL 2020: Kings XI Punjab SWOT Analysis

उन्होंने बताया कि सबसे पहले जिला चंबा  उसके बाद कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, किन्नौर, शिमला, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर और उसके बाद ऊना के निवासियों को स्टेशन पर उतारा जाएगा। डीसी ने कहा कि स्टेशन पर उतरने के बाद यात्रियों को कुछ दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। कोई भी यात्री किसी वस्तु को हाथ न लगाए। स्टेशन पर उतरने के बाद मेडिकल स्क्रीनिंग होगी और सभी को हैंड सैनिटाइजर, खाना और पानी भी दिया जाएगा। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा बसों के माध्यम से यात्रियों को संबंधित जिलों में पहुंचाया जाएगा।