विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO)ने मुंबई के धारावी में कोरोना वायरस (COVID-19) को फैलने से रोकने के प्रयासों की सराहना की है। संगठन ने साथ ही कहा कि राष्ट्रीय एकता और वैश्विक एकजुटता से महामारी पर काबू पाया जा सकता है। संगठन के महानिदेशक टेड्रॉस अदनोम घेब्रेयसस दुनिया भर से कई उदाहरण हैं जिन्होंने दिखाया है कि भले ही प्रकोप कितना ज्यादा हो, फिर भी इसे नियंत्रण में लाया जा सकता है।
डब्ल्यूएचओ महानिदेशक ने कहा कि इन उदाहरणों में से कुछ इटली, स्पेन और दक्षिण कोरिया, और यहां तक कि धारावी भी है, जो कि मुंबई का घनी आबादी वाले क्षेत्र है। यहां टेस्टिंग, ट्रेसिंग, सोशल डिस्टेंसिंग और संक्रमित मरीजों के तुरंत इलाज पर ध्यान दिया गया। यह ट्रांसमिशन के चेन को तोड़ने और वायरस पर काबू पाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने नेतृत्व, सामुदायिक भागीदारी और सामूहिक एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।
धारावी में शुक्रवार को 12 मामले सामने आए
समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार धारावी में शुक्रवार को 12 मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां मरीजों की संख्या 2359 हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने इसकी जानकारी दी है। वर्तमान में यहां 166 सक्रिय मामले हैं और 1,952 रोगियों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के 2,30,599 मामले
बता दें कि महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के 2,30,599 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 93673 एक्टिव केस हैं, 1,27,259 मरीज ठीक हो गए हैं और 9667 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 7,93,802 मामले सामने आ गए हैं। इनमें 2,76,682 एक्टिव केस हैं। 4,95,516 लोग ठीक हो गए हैं और 21,604 लोगों की मौत हो गई है।